भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का अंतरिक्ष मिशन अब अंतिम चरण में है। सोमवार शाम वे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से अपनी धरती वापसी की यात्रा शुरू करेंगे। Axiom-4 मिशन के तहत अंतरिक्ष में गए शुक्ला और उनके साथियों के लिए वापसी का सफर SpaceX के क्रू ड्रैगन “Grace” कैप्सूल के जरिए तय होगा।
जानकारी के मुताबिक, भारतीय समयानुसार सोमवार शाम लगभग 4:35 बजे क्रू ड्रैगन ISS से अलग होगा और मंगलवार दोपहर तक उनका पृथ्वी पर सुरक्षित उतरने का अनुमान है। Axiom Space, NASA और SpaceX इस ऐतिहासिक पल का सीधा प्रसारण भी कर रहे हैं।
इस मिशन के दौरान शुभांशु शुक्ला ने कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक प्रयोग किए। भारतीय वैज्ञानिकों के शोध कार्यों के अलावा उन्होंने दुनिया के अलग-अलग देशों के वैज्ञानिकों के साथ भी कई प्रयोग पूरे किए। मिशन के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के छात्रों से सीधा संवाद कर भारत का मान बढ़ाया।
ISS से विदाई लेते समय शुभांशु शुक्ला ने ‘सारे जहां से अच्छा’ कविता की पंक्तियाँ दोहराईं और कहा, “आज का भारत आत्मनिर्भर है, निडर है और अंतरिक्ष में भी अपनी छाप छोड़ रहा है।” उन्होंने भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा को भी सम्मान पूर्वक याद किया।
धरती पर लौटने के बाद शुभांशु शुक्ला कुछ दिन रिकवरी और मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रहेंगे। उनके परिजन और देशभर के लोग उनके सुरक्षित लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।